28-07-2026 07:37:57 अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के लिए अलग-अलग नियम क्यों? इस भारतीय क्रिकेटर ने खड़ा किया बड़ा सवाल

अभिषेक शर्मा के खराब प्रदर्शन पर अब सवाल उठने लगे हैं. भारतीय खिलाड़ी ने अभिषेक शर्मा के खराब फॉर्म को लेकर टीम मैनेजमेंट की आलोचना की है और कहा है कि संजू के लिए फिर अलग नियम क्यों हैं.
Team India: अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे दौरे पर खराब बल्लेबाजी की. वह एक भी मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके. इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ भी खेले गई 5 मैचों की टी-20 सीरीज में अभिषेक ने खासा प्रभावित नहीं किया. इसके बाद भी वह टीम में बरकरार रहते हैं. वहीं, दूसरी ओर संजू सैमसन अगर कुछ मैच में खराब बल्लेबाजी करते हैं तो उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया जाता है. ये सवाल भारतीय खिलाड़ी ने उठाए हैं.
अभिषेक और संजू के लिए अलग-अलग नियम क्यों?
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पर बात करते हुए भारतीय स्टार खिलाड़ी हनुमा विहारी ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा ‘वर्ल्ड कप से पहले संजू सैमसन ने पांच मैचों में खराब प्रदर्शन किया और उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया. इसके बाद संजू ने कमबैक किया और वह टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने. उसी टूर्नामेंट में अभिषेक शर्मा के बल्ले से कितने रन निकले?”
हनुमा विहारी ने आगे कहा, “यूके में हुई सीरीज में अभिषेक शर्मा ने एक अर्धशतक बनाया. इसके अलावा कोई और बड़ी पारी नहीं खेल पाए. उनके पिछले 8 मैचों में एक फिफ्टी है. पिछले 18 मैचों में 3 फिफ्टी है. सैमसन ने वर्ल्ड कप में खेले गए तीनों ही मैच में अर्धशतक लगाए. अभिषेक का पिछले पांच मैच में बेस्ट स्कोर 16 है. कोई इस बारे में बात क्यों नहीं कर रहा. अलग-अलग खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग नियम क्यों हैं.”
अभिषेक शर्मा के लिए खराब रहा ये साल
अभिषके शर्मा के लिए साल 2026 अब तक अच्छा नहीं रहा है. उन्होंने अब तक 23 मैचों में 23.36 की खराब औसत के साथ 514 रन ही बनाए हैं. उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले हैं. हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में वह केवल 11 रन ही बना पाए. जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्हें फ्लॉप होने के बाद भी लगातार प्लेइंग 11 में मौका मिला.
|
|