Cric F Latest News ICC Rankings Recent Match
           
12-06-2026 08:08:05
6,6,6,6,6… शिवम दुबे ने बल्ले से मचाई तबाही, सरफराज की टीम को रौंदकर कटाया फाइनल का टिकट



T20 Mumbai 2026: शिवम दुबे की कप्तानी वाली अंधेरी आर्क्स ने टी20 मुंबई 2026 लीग के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. दुबे के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर अंधेरी की टीम ने पहले सेमीफाइनल में सरफराज खान की अगुवाई वाली आकाश टाइगर्स को 5 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया.

T20 Mumbai 2026, Shivam Dube: टी20 मुंबई 2026 लीग के पहले सेमीफाइनल में शिवम दुबे की कप्तानी वाली अंधेरी आर्क्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सरफराज खान की अगुवाई वाली आकाश टाइगर्स को 5 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए टाइगर्स की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए थे. इसके जवाब में आर्क्स की टीम ने 18.3 ओवर में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत के साथ टीम ने फाइनल का टिकट भी हासिल कर लिया.

आर्क्स की इस जीत के हीरो कप्तान शिवम दुबे रहे, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया. दुबे ने पहले गेंदबाजी करते हुए एक विकेट लिया और फिर बल्ले से 26 गेंदों पर 45 गेंदों की तूफानी पारी खेली. इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.

सरफराज खान की टीम की फ्लॉप बल्लेबाजी
इस मुकाबले में आकाश टाइगर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. कप्तान सरफराज खान और जय गोकुल बिस्ता ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की. सरफराज 17 गेंदों पर 34 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर आउट हो गए. उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया. इसके बाद हर्ष राणे सिर्फ 13 रन और गोकुल बिस्ता 35 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. वहीं, सक्षम पराशर बिना खाता खोले आउट हो गए. इस तरह सरफराज की टीम अच्छी शुरुआत के बावजूद 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 150 रन ही बना सकी.



शिवम दुबे ने खेली मैच जिताऊ पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए अंधेरी आर्क्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. मुशीर खान खाता खोले बिना ही पहली गेंद पर आउट हो गए. इसके बाद नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए अर्जुन तेंदुलकर भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 11 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. हालांकि, 7वें नंबर पर उतरे कप्तान शिवम दुबे ने टीम की लड़खड़ाती पारी को संभाला और जीत तक पहुंचाया. दुबे ने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों पर नाबाद 45 रन बनाए. अपनी पारी में उन्होंने 1 चौका और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए.

दुबे की इस विस्फोटक पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और टीम को फाइनल का टिकट दिला दिया. अंधेरी की टीम ने 18.3 ओवर में ही 5 विकेट पर 151 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया. टी20 मुंबई 2026 का दूसरा सेमीफाइनल नॉर्थ मुंबई पैंथर्स और मराठा रॉयल्स के बीच खेला जाएगा. इस मुकाबले की विजेता टीम 13 जून को फाइनल में अंधेरी आर्क्स से भिड़ेगी.