15-03-2026 06:59:21 ‘मैंने सोचना शुरू कर दिया है…’ चोट से परेशान इंग्लैंड के वर्ल्ड कप चैंपियन तेज गेंदबाज ने दिए संन्यास के संकेत

Mark Wood: इंग्लैंड के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक मार्क वुड पिछले कुछ सालों से लगातार चोट की समस्या से जूझते हुए दिखाई दिए हैं. चोट के कारण वह लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे हैं. वहीं, अब उन्होंने अपने एक बयान में संन्यास लेने के संकेत दिए हैं.
Mark Wood: क्रिकेट के इतिहास में कई ऐसे तेज गेंदबाज देखने को मिले हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत में धमाल मचाया लेकिन लगातार चोटों की वजह से लंबे समय तक खेल नहीं पाए. इसमें अब इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड का नाम भी जुड़ सकता है. वुड लंबे समय से घुटने की चोट से जूझ रहे हैं और टीम से बाहर चल रहे हैं. वहीं, घुटने की चोट से काफी धीमी रिकवरी के कारण वुड अब संन्यास के बारे में सोचने लगे हैं. उन्होंने हाल ही में दिए बयान में संकेत दिए कि वह अब क्रिकेट के अलावा जीवन में दूसरे विकल्पों पर भी सोच रहे हैं.
मार्क वुड ने दिए संन्यास के संकेत
मार्क वुड ने पिछले साल पहले एशेज टेस्ट के बाद से कोई क्रिकेट नहीं खेला है और कई महीने बीत जाने के बावजूद वह घुटने की चोट से पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं. 36 साल की उम्र में उन्हें अच्छे से पता है कि उनका करियर शायद अब अंतिम मोड़ पर है, लेकिन इसके बावजूद वह एक और मौका देने का मन बनाए हुए हैं. वुड ने बीबीसी से बात करते हुए कहा, “मैं अपने करियर में जिस स्टेज पर हूं, वहां से धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा हूं. अगर मैं ज्यादा जोर लगाऊंगा तो मैं यहीं खत्म हो जाऊंगा. हर छह सप्ताह मुझे स्पेशलिस्ट के पास जाना होता है. ऑस्ट्रेलिया में जो बताया गया था उससे अब मेरी हालत काफी सुधरी है. अब मैं दौड़ना शुरू कर चुका हूं.”
उन्होंने आगे कहा कि, “मैंने अन्य चीजों के बारे में भी सोचना शुरू कर दिया है जैसे पॉडकास्ट करना, अपने कोचिंग बैज हासिल करना. पहली बार अब मैं ये सोच रहा हूं कि अगर सब ठीक नहीं रहा तो आगे क्या करूंगा.”
मार्क वुड का क्रिकेट करियर
36 साल के मार्क वुड ने साल 2015 में इंग्लैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. वुड ने अब तक इंग्लैंड के लिए 38 टेस्ट, 70 वनडे और 38 T20I मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने क्रमश: 119 विकेट, 80 विकेट और 54 विकेट हासिल किए हैं. वुड 2015 एशेज जीतने वाली इंग्लैंड टीम का हिस्सा थे. इसके अलावा, वह 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2022 T20 वर्ल्ड कप की चैंपियन इंग्लैंड टीम का भी हिस्सा थे.
गौरतलब है कि मार्क वुड साल 2025 के अंत में एशेज टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई इंग्लैंड टीम का हिस्सा थे और लंबे समय के बाद फिट होकर वापसी कर रहे थे. सीरीज के पहले टेस्ट में वुड को मौका भी मिला, लेकिन उन्होंने सिर्फ 11 ओवर्स ही फेंके और फिर पूरी सीरीज से बाहर हो गए. तब से वह अपनी घुटने की चोट से उबरकर टीम में वापसी का इंतजार कर रहे हैं.
|
|