Cric F Latest News ICC Rankings Recent Match
          Scorecard  
14-03-2026 07:30:06
PAK vs BAN: लाइव मैच में बड़ा हादसा! फील्डिंग के दौरान चोटिल हुआ पाकिस्तानी खिलाड़ी, स्ट्रेचर पर ले जाया गया अस्पताल



PAK vs BAN: बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे में पाकिस्तान के ऑलराउंडर हुसैन तलत फील्डिंग के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हो गए. उन्हें कंधे में चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया और फिर अस्पताल भेज दिया गया.


PAK vs BAN, Hussain Talat Injured: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला ढाका के मीरपुर स्थित शेर ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच के दौरान मैदान पर एक बड़ा हादसा देखने को मिला. पाकिस्तान के ऑलराउंडर खिलाड़ी हुसैन तलत फील्डिंग के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हो गए. तलत के कंधे में चोट लग गई, जिसके तुरंत बाद उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया. इसके बाद उन्हें सीधे अस्पताल भेज दिया गया. बाद में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बयान जारी करते हुए कहा कि शुरुआती जांच के बाद तलत को अस्पताल ले जाया गया है और आगे की जांच के बाद ही उनकी चोट की गंभीरता का पता चलेगा.

हुसैन तलत को कैसे लगी चोट?
हुसैन तलत को बांग्लादेश की पारी के 6वें ओवर में चोट लगी. पाकिस्तान की ओर से यह ओवर मोहम्मद वसीम फेंक रहे थे, जिनकी दूसरी गेंद पर लिटन दास ने ऑफ साइड की तरफ जोरदार शॉट खेला. गेंद बाउंड्री की तरफ जा रही थी, जिसे रोकने के लिए तलत कवर बाउंड्री की ओर तेजी से दौड़े. उन्होंने गेंद को बाउंड्री से पहले रोकने की कोशिश की, लेकिन उसी दौरान उनका पैर फोम पर पड़ गया और वह संतुलन खो बैठे. इसके बाद वह सीधे एडवरटाइजिंग होर्डिंग से टकरा गए, जिससे उनके बाएं कंधे पर जोरदार चोट लग गई. वह दर्द से कराहते हुए दिखाई दिए.

तलत को चोट लगते ही पाकिस्तान की मेडिकल टीम तुरंत मैदान पर पहुंची. घटना के बाद मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और स्टाफ तुरंत उनकी तरफ दौड़े. थोड़ी देर बाद स्ट्रेचर लाया गया और उन्हें एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया. बता दें कि, इस मैच में तलत ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक पाए और उन्होंने 13 गेंदों में 9 रन बनाए



PCB ने तलत की चोट पर दिया अपडेट
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हुसैन तलत की चोट को लेकर अपडेट जारी किया है. पीसीबी ने बताया कि मैदान पर ही उनकी मेडिकल टीम ने चोट की स्थिति देखी और गंभीरता को ध्यान में रखते हुए उन्हें आगे की जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों द्वारा पूरी जांच के बाद ही तलत की चोट की सही गंभीरता का पता चलेगा. तलत के करियर की बात करें तो उन्होंने 2019 में वनडे फॉर्मेट में डेब्यू किया था. 30 साल के इस ऑलराउंडर ने अब तक केवल 11 वनडे मैच खेले हैं और कुल 224 रन बनाए हैं.